कोटपूतली-बहरोड़ जिले के महनपुर क्षेत्र के ग्राम मोरोड़ी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में महिला की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब खेत में काम कर रही महिला के ऊपर से गुजर रही 11 हजार हाई वोल्टेज बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर उस पर आ गिरा।

मृतका की पहचान कमलेश (54) पत्नी शेर सिंह मेघवाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुबह करीब 10 बजे अपने खेत में कृषि कार्य कर रही थीं, तभी अचानक बिजली लाइन का तार टूटकर सीधे उनके ऊपर गिर गया, जिससे उन्हें जोरदार करंट लगा।
हादसे के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें गंभीर अवस्था में नजदीकी पहाड़ी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बहरोड़ रेफर किया गया। हालांकि, वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी अजीत यादव मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है तथा ग्रामीणों ने बिजली लाइनों की नियमित जांच और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।



