कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। कांग्रेस एससी विभाग के संगठनात्मक सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय के मुद्दों को धार देने के उद्देश्य से राजधानी नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी भवन में बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा एससी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने देशभर से आए जिलाध्यक्षों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया।

बैठक में एससी विभाग की प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री ममता भूपेश के निर्देशानुसार कोटपूतली-बहरोड़ जिले के जिलाध्यक्ष, पूर्व पार्षद एवं कांग्रेस नेता तारा पूतली ने सक्रिय भागीदारी निभाई और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

बैठक का मुख्य फोकस अनुसूचित जाति समुदाय के सामाजिक-आर्थिक विकास, शिक्षा के विस्तार और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा पर रहा। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए रणनीति तैयार की गई।

बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के साथ ही कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। तारा पूतली ने बैठक के बाद कहा कि पार्टी द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप वे जिले में संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा समाज के वंचित वर्गों की आवाज बुलंद करने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

इस अहम बैठक को आगामी समय में कांग्रेस संगठन की दिशा और कार्यप्रणाली तय करने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिसमें जमीनी स्तर पर बदलाव लाने की स्पष्ट रणनीति उभरकर सामने आई है।




