कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हो गए। हादसा कोटपूतली स्थित राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल के सामने बने पुल पर रात करीब 11:30 बजे हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मकराना से हरिद्वार जा रही एक यात्री बस आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक चन्द्रमोहन (54) निवासी नांदोली, मकराना और महिला यात्री बिच्चू देवी (75) निवासी दयालपुरा, लाडनूं की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्री बस के अंदर फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घायलों में भंवरलाल, किरण कंवर, कुलदीप, आसन कंवर, किरण देवी, सुरेश कुमार, ओम सिंह, बजरंग सिंह, प्रेम कंवर, पान कंवर, गीता देवी, संतरा देवी, मनोज शर्मा, सीमा देवी, बिमला देवी, आरती, अशोक, आकाश, दीपचंद दर्जी सहित अन्य शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस चालक प्रकाश गुर्जर सबसे पहले मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कोटपूतली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस चालक को झपकी आना बताया जा रहा है, जिससे बस अनियंत्रित होकर ट्रेलर से जा भिड़ी। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है।

हादसे के चलते कुछ समय के लिए दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु रूप से चालू करवा दिया।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन भी सक्रिय हो गया। कोटपूतली एसडीएम जगदीश बैरवा मौके पर पहुंचे और अस्पताल जाकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए तथा पीड़ितों से बातचीत कर घटना की विस्तृत जानकारी ली।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सतर्क ड्राइविंग की आवश्यकता की ओर इशारा करता है।


