जयपुर ग्रामीण के शाहपुरा शहर के नारायण पार्क में शनिवार देर शाम डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह आयोजन समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में मुख्य अतिथि विधायक मनीष यादव तथा अध्यक्षता नाथूलाल सैनी ने की।

इस अवसर पर सामाजिक न्याय और शिक्षा के अग्रदूत महात्मा ज्योतिराव फुले की जयंती भी श्रद्धा के साथ मनाई गई। उपस्थित लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मनीष यादव ने कहा कि महात्मा फुले ने अपना संपूर्ण जीवन शिक्षा, समानता और सामाजिक सुधार के लिए समर्पित किया। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष करते हुए शिक्षा को सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम बताया। महिलाओं और वंचित वर्गों के उत्थान में उनके योगदान को आज भी प्रेरणादायक बताया गया। इस दौरान विधायक ने डॉ. अंबेडकर जयंती के पोस्टर का भी विमोचन किया।

समिति सदस्यों ने जानकारी दी कि 14 अप्रैल को तहसील स्तर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। सुबह 8 बजे उपखंड कार्यालय के बाहर से बाबा साहेब की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जबकि मुख्य कार्यक्रम शहर के चंद्र महल गार्डन में आयोजित होगा।
बैठक में आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में परिवार सहित कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की गई। आयोजन समिति ने जयंती समारोह को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी आह्वान किया।



