कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। ग्राम कल्याणपुरा खुर्द के प्रतिभाशाली युवा राधेश्याम कसाना ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर से डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि प्राप्त की है। इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

डॉ. राधेश्याम कसाना ने रसायन विज्ञान विषय में “1,5-Benzothiazepines: Synthesis and Bioactivity Investigations” विषय पर अपना शोध कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया। उनका यह शोध कार्य विश्वविद्यालय के रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा पंत के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
अपने शोध के दौरान डॉ. कसाना ने नए कार्बनिक यौगिकों का निर्माण किया, जो हृदय संबंधी तंत्र एवं केंद्रीय तंत्रिका तंत्र से जुड़ी बीमारियों के उपचार हेतु उपयोगी दवाओं के विकास में अहम भूमिका निभा सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार उनका यह शोध औषधीय रसायन (Medicinal Chemistry) के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है।
डॉ. कसाना ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों, गुरुजनों एवं विशेष रूप से अपनी शोध निर्देशक डॉ. सीमा पंत को दिया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से ही यह मुकाम हासिल कर पाए हैं।
इस उपलब्धि पर गांव सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। परिजनों, मित्रों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


