पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। कस्बे के निकटवर्ती धालेड़ा स्थित हनुमान मंदिर में अक्षय तृतीया का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राधा-कृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा भगवान श्रीकृष्ण का चंदन से विशेष श्रृंगार कर आकर्षक फूल बंगला झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मंदिर परिसर सुबह से ही भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे और भगवान के चरणों में शीश नवाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। दिनभर महामंत्र जाप और हरिनाम संकीर्तन का आयोजन चलता रहा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति रस में सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर पावटा बार एसोसिएशन अध्यक्ष एडवोकेट रामनिवास यादव ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। वहीं जयपुर हाईकोर्ट के अधिवक्ता देवांश सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति के पर्व-त्योहार हमें आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ते हैं और समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में एडवोकेट पंकज यादव, राजेंद्र यादव, विजयपाल यादव, राजेंद्र आर्य सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति भाव से आयोजन को सफल बनाया।



