पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। क्षेत्र का ग्राम भांकरी रविवार को उत्साह, भव्यता और राजनीतिक हलचल का केंद्र बना रहा। विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़ के पुत्र अनुज के विवाह समारोह ने एक पारिवारिक आयोजन को बड़े सामाजिक और राजनीतिक मंच में बदल दिया, जहां प्रदेशभर से कई दिग्गज नेताओं और जनप्रतिनिधियों का जमावड़ा लगा रहा।

19 अप्रैल को आयोजित विशाल तिलक समारोह में हजारों लोगों ने भाग लिया। आयोजन स्थल पर भव्य महाभोज की व्यवस्था की गई, वहीं भीषण गर्मी को देखते हुए छाया, पेयजल, कूलर और पंखों सहित व्यापक इंतजाम किए गए, जिससे मेहमानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल को अनुज की शाही बारात कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा के निवास पर पहुंचेगी, जिससे यह विवाह समारोह विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा व दिया कुमारी, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, हरियाणा प्रभारी सतीश पूनिया, मंत्री किरोड़ी लाल मीणा, कन्हैयालाल चौधरी, संजय शर्मा, सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया सहित कई प्रमुख नेताओं ने शिरकत कर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। कलेक्टर और एसपी के नेतृत्व में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक प्रबंध किए गए, जिससे कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सका।
भव्य व्यवस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने भांकरी को एक बड़े सामाजिक-राजनीतिक केंद्र के रूप में स्थापित कर दिया। जहां एक ओर पारंपरिक रीति-रिवाजों की झलक देखने को मिली, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के शीर्ष नेताओं की उपस्थिति ने आयोजन को खास बना दिया।



