उपखंड क्षेत्र के ग्राम खेलना स्थित प्राचीन शिव मंदिर में श्रावण मास के पावन अवसर पर गुरुवार को धार्मिक आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। प्रजापति समाज एवं ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में भगवान शिव के जोगियों द्वारा शिव ब्यावले की भावपूर्ण कथा का वाचन किया गया, जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कथा के दौरान भगवान भोलेनाथ के विवाह प्रसंग और धार्मिक महत्व का विस्तार से वर्णन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे आयोजन में भक्ति भाव से सहभागिता निभाई और शिव भजनों के बीच वातावरण भक्तिमय बना रहा।

धार्मिक आयोजन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के गांवों सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इस अवसर पर रामस्वरूप प्रजापति, बनवारी प्रजापति, शायरमल प्रजापति, कैलाश चंद, सतनारायण, महेंद्र प्रजापति, विमल कुमार, राजेंद्र कुमार, लालचंद, फूलचंद, जगदीश, बाबूलाल यादव सहित प्रजापति समाज के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।