कोटपूतली । ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को आकाशवाणी कोटपूतली परिसर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। ध्वजारोहण भारतीय ध्वज संहिता, 2002 में निर्धारित प्रावधानों एवं राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के अनुरूप किया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम प्रमुख दिनेश पटवा, अभियांत्रिकी प्रमुख योगेश यादव, बी.एस. चौहान, मनोहर मीणा सहित आकाशवाणी कोटपूतली का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक सलामी दी और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बनाए रखने तथा स्वतंत्रता, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
उद्घोषक विकास वर्मा ने बताया कि आकाशवाणी कोटपूतली के इस आयोजन के माध्यम से लोगों को देशभक्ति की भावना से जुड़ने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
