कस्बे के निकटवर्ती ग्राम भांकरी स्थित राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को भामाशाह ललित किशोर कुमावत ने अपने पिता स्व. प्रभाती लाल कुमावत की स्मृति में एक कमरे मय बरामदे के निर्माण का भूमि पूजन किया। पंडित अंबिकेश्वर शर्मा ने विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना करवाकर नींव का पत्थर रखवाया।

निर्माणाधीन कक्ष की लंबाई 26 फीट तथा चौड़ाई 20 फीट रहेगी। भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान भामाशाह ललित किशोर कुमावत ने कहा कि प्रत्येक सामर्थ्यवान व्यक्ति को अपनी आय का कुछ हिस्सा सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित करना चाहिए। सरकारी विद्यालयों एवं जरूरतमंदों की आवश्यकताओं में सहयोग करना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़े संस्थानों को मजबूत करने से विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं और ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का वातावरण और अधिक सुदृढ़ होता है।

कांग्रेस नेता ओपी बायला ने ललित किशोर कुमावत के सामाजिक सरोकारों की सराहना करते हुए कहा कि वे गांव की सरकारी संस्थाओं की जरूरतों में सहयोग के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। उन्होंने बताया कि करीब एक माह पूर्व भी ललित किशोर कुमावत ने सीनियर सेकंडरी स्कूल में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एक कंप्यूटर भेंट किया था। उन्होंने कहा कि सरकारी शिक्षण संस्थानों के विकास में भामाशाहों का सहयोग विद्यार्थियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी देता है।
विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाचार्य कैलाश यादव ने भामाशाह ललित किशोर कुमावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण होने से छात्राओं को अध्ययन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
इस दौरान सीनियर सेकंडरी स्कूल के प्राचार्य शेर सिंह, रामकरण धनकड़, गिरधारी लाल प्रजापति, गोपाल पुजारी, टिंकू शर्मा, मुकेश सैनी, मानसिंह गढ़वाल, रामजीलाल प्रजापति, अमीचंद जाट, राजू यादव, रतन सिंह, रामनिवास सैनी, पांचूराम कुमावत, शिवसहाय धनकड़, प्रकाश वाल्मीकि, मेहर सिंह वर्मा सहित अनेक ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने भामाशाह ललित किशोर कुमावत के इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किए गए ऐसे प्रयास विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।