निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सोहन सिंह नरुका ने मंगलवार को पावटा एवं विराटनगर में रिटर्निंग अधिकारियों, ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों तथा संबंधित कार्मिकों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा आयोग के दिशा-निर्देशों की पूरी गंभीरता से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में आदर्श आचार संहिता की प्रभावी पालना पर विशेष जोर दिया गया। नरुका ने अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने तथा आचार संहिता के उल्लंघन की सूचना मिलने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करने को कहा। सार्वजनिक एवं निजी स्थानों पर पोस्टर, बैनर, होर्डिंग सहित अन्य प्रचार सामग्री लगाए जाने के संबंध में निर्धारित नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने पोलिंग पार्टी डिस्पैच सेंटर, ईवीएम वितरण एवं प्राप्ति केंद्र तथा चुनाव कार्य सेल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मतदान दलों के लिए पर्याप्त स्थान, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा ईवीएम एवं निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित भंडारण, वितरण और प्राप्ति की व्यवस्थित व्यवस्था के साथ पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान नरुका ने वोटर हेल्प डेस्क की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को मतदाता सूची, मतदान केंद्र एवं निर्वाचन से संबंधित आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध होनी चाहिए।
हेल्प डेस्क पर तैनात कार्मिकों को मतदाताओं की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का तत्परता से समाधान करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, प्रकाश, शौचालय, साफ-सफाई एवं छाया जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही मतदान केंद्रों की भौतिक स्थिति का समय रहते सत्यापन कर वहां मौजूद कमियों को दूर करने के निर्देश दिए, ताकि मतदान के दिन मतदाताओं और मतदान दलों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
नरुका ने अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।