राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेलना में अध्यापक रणजीत सिंह शेखावत के सेवानिवृत्ति समारोह के अवसर पर ग्रामीणों एवं विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। लंबे समय तक शिक्षा के क्षेत्र में सेवाएं देने वाले शेखावत के सम्मान में ग्रामीणों ने विशेष आयोजन करते हुए पूरे गांव में भव्य विदाई रैली निकाली।

ग्रामीणों ने सजी-धजी खुली गाड़ी में रणजीत सिंह शेखावत को बैठाकर ढोल-नगाड़ों एवं बैंड-बाजों के साथ गांव के प्रमुख मार्गों से रैली निकाली। रैली के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया तथा माला और शॉल पहनाकर सम्मान किया। इस दौरान शेखावत ने टीलाजी महाराज के धोक लगाकर आशीर्वाद भी लिया।

विदाई रैली के बाद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेलना परिसर में प्रधानाचार्य प्रेमचंद मौर्य की अध्यक्षता में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य एवं विद्यालय परिवार की ओर से सेवानिवृत्त शिक्षक का सम्मान किया गया तथा समारोह में पहुंचे अतिथियों का भी मान-सम्मान किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए सेवानिवृत्त शिक्षक रणजीत सिंह शेखावत ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन एवं संस्कारों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदारी से मेहनत करें और जीवन में अच्छे संस्कारों को हमेशा प्राथमिकता दें। उन्होंने विद्यार्थियों को अपना आशीर्वचन भी दिया।

समारोह में वक्ताओं ने रणजीत सिंह शेखावत की शैक्षणिक सेवाओं एवं विद्यालय तथा विद्यार्थियों के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल सेवानिवृत्त जीवन की कामना की। ग्रामीणों की ओर से आयोजित भव्य विदाई कार्यक्रम से शिक्षक के प्रति गांव के लोगों के स्नेह और सम्मान की झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर सत्ताईशा राजपूत समाज के संरक्षक हरि सिंह, समाज अध्यक्ष रिछपाल सिंह, सुरेश गिठाला, कैलाश ताखर, भैरूराम हुल्डा, सीबीईओ धर्मवीर जिंदौलिया, एसीबीईओ सुरेश कसाना, सुभाष स्वामी, हरिनारायण यादव, अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ के जिला अध्यक्ष राजेश चौधरी, आदिवासी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कोटपूतली-बहरोड़ जगदीश मीणा, कैलाश यादव, लीलू सिंह, मोहन सिंह, विनोद सिंह, गजानंद टीलावत, रमेश टीलावत, गजेंद्र शेखावत, रामबाबू गौतम, बलकेश प्रजापति सहित विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।