जनता की समस्या के समाधान के लिए दृढ़ता के साथ आवाज उठाई जाए तो प्रशासन को भी कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़ता है। ऐसा ही मामला सोमवार को दिल्ली दरवाजा पावर हाउस पर देखने को मिला, जहां शाकंभरी विहार कॉलोनी, वार्ड नंबर 52, मोहल्ला बड़ाबास की महिलाओं ने बिजली समस्या को लेकर धरना दिया।

कांग्रेस एससी विभाग के जिलाध्यक्ष तारा पूतली के नेतृत्व में कॉलोनी की माताओं-बहनों ने पावर हाउस पहुंचकर विरोध जताया। महिलाओं का कहना था कि कॉलोनी पिछले करीब छह दिनों से बिजली के अभाव में अंधेरे में थी। बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी।

धरने के दौरान तारा पूतली ने बिजली विभाग के अधिकारियों से कहा कि लोगों को आश्वासन नहीं, बल्कि समस्या का स्थायी समाधान चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक कॉलोनी में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होती, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। महिलाओं के धरने के बाद विद्युत विभाग के अधिकारी हरकत में आए और मौके पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाकर काम शुरू कराया गया।

विभाग की ओर से नए बिजली पोल, डीपी (ट्रांसफार्मर) और तार उपलब्ध करवाए गए। इसके बाद कर्मचारियों ने युद्धस्तर पर कार्य करते हुए बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने का काम शुरू किया। तारा पूतली मौके पर मौजूद रहकर कार्य की निगरानी करते रहे। उनके अनुसार जब तक अंतिम पोल खड़ा नहीं हुआ और तार जोड़कर आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तब तक वे मौके पर डटे रहें।

करीब छह दिन बाद कॉलोनी में बिजली आपूर्ति सुचारू होने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। समस्या के समाधान के बाद कॉलोनीवासियों ने तारा पूतली का स्वागत करते हुए उनके प्रयासों के प्रति आभार जताया। स्थानीय महिलाओं ने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा के लिए उन्हें धरने पर बैठना पड़ा, लेकिन सामूहिक आवाज उठाने के बाद विभाग ने तेजी से कार्रवाई की।