नगर पालिका पावटा-प्रागपुरा के 45 वार्डों में पार्षदों के चुनाव के बाद अब अध्यक्ष पद के निर्वाचन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। बुधवार को नामांकन के अंतिम दिन अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन किसी प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया था। चुनाव शाखा प्रभारी सत्य देव ने बताया कि बुधवार को निर्धारित समय तक नामांकन प्रक्रिया चली।

अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी मीना देवी पत्नी अजय सैनी ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल किया। इस दौरान पूर्व विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंद्रराज गुर्जर सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं भाजपा प्रत्याशी मंजू पत्नी गोपाल अग्रवाल ने भी अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

निर्वाचन अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी बृजेश कुमार ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद 18 सितंबर को नाम वापसी होगी तथा इसी दिन प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा।
मतदान उपखंड कार्यालय परिसर में कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किया जाएगा। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस और भाजपा से प्रत्याशियों के आमने-सामने आने के बाद अब पावटा-प्रागपुरा नगरपालिका की राजनीति में चुनावी सरगर्मी और बढ़ गई है। हालांकि अंतिम तस्वीर नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद स्पष्ट होगी।