विकसित भारत-जनसेवा अभियान के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को राजकीय उपजिला अस्पताल पावटा में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में अस्पताल के चिकित्सकों, अधिकारियों एवं कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सेवा का संकल्प लिया। शिविर में कुल 16 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक एवं पीएमओ डॉ. रवि बंसल ने स्वयं रक्तदान करते हुए कहा, रक्तदान मानव सेवा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन बचाने वाला साबित हो सकता है। स्वस्थ एवं सक्षम लोगों को आगे आकर नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी मरीज को अचानक पड़ सकती है, ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदाताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।

डॉ. बंसल ने शिविर में भाग लेने वाले चिकित्सकों एवं कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अस्पताल में आयोजित इस तरह के कार्यक्रम केवल रक्त संग्रह तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदना का संदेश भी देते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में डीएनओ रविकांत जांगिड़ एवं बीसीएमओ कृष्ण सिंह शेखावत भी मौजूद रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने रक्तदान करने वाले चिकित्सकों एवं कार्मिकों की सराहना की।
शिविर में पीएमओ डॉ. रवि बंसल के साथ डॉ. राजेश डोचानिया, डॉ. बृजेश शर्मा, डॉ. अशोक बांटा, महेश यादव, बाबूलाल जाट सहित अन्य चिकित्सकों एवं कार्मिकों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदान से पहले उपस्थित कार्मिकों ने स्वैच्छिक रक्तदान की शपथ भी ली। चिकित्सकीय टीम ने आवश्यक स्वास्थ्य जांच के बाद रक्तदाताओं से रक्त संग्रह किया। इस दौरान अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।