कहा- सफाई, सड़क, स्ट्रीट लाइट और जल निकासी जैसी समस्याओं के त्वरित समाधान पर रहेगा जोर
न्यूज़ चक्र। कोटपूतली-बहरोड़। नगर परिषद कोटपूतली के नवनिर्वाचित सभापति कमल सैनी ने गुरुवार को विधिवत रूप से सभापति पद का पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण समारोह में विधायक हंसराज पटेल, पूर्व मंत्री राजेंद्र यादव, उपसभापति गोपाल अग्रवाल सहित नगर परिषद के पार्षद, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

पदभार ग्रहण करने के दौरान सभापति कमल सैनी का पुष्पगुच्छ एवं मालाओं से स्वागत कर अभिनंदन किया गया। इसके बाद उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से शहर की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।
सभापति कमल सैनी ने कहा कि शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि वे नियमित रूप से शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे और आमजन से सीधे संवाद करेंगे। सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सड़क, जल निकासी सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा को भी नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर नागरिक सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभापति ने पार्षदों से अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ नगर परिषद के सामने रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन के बीच बेहतर समन्वय से ही शहर के विकास को गति दी जा सकती है। नगर परिषद के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी के सहयोग से कार्य किया जाएगा।
समारोह में विधायक हंसराज पटेल ने सभापति कमल सैनी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर परिषद की नई टीम के सामने शहर के विकास और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सुरेन्द्र चौधरी, पंकज पटेल, देवायुष सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। अंत में सभापति कमल सैनी ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया और कोटपूतली नगर परिषद को बेहतर व्यवस्थाओं एवं विकास कार्यों के माध्यम से आगे ले जाने का संकल्प जताया।
