लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर रविवार को जिला मुख्यालय स्थित रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में जिला पुलिस की ओर से विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के साथ युवाओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 5 किलोमीटर मैराथन दौड़ से हुई। इसमें पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, YCLG/CLG सदस्य, पुलिस मित्र तथा विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से एकता, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

वहीं शाम 5 बजे रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में वॉलीबॉल मैच आयोजित हुआ। मैच में खिलाड़ियों ने खेल भावना और आपसी तालमेल का परिचय दिया, वहीं मौजूद दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

आयोजन का उद्देश्य पुलिस एवं आमजन के बीच आपसी समन्वय, सौहार्द, भाईचारे और विश्वास को मजबूत करने के साथ युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम में एसटी/एससी सेल प्रभारी विजय सिंह, डीएसपी मदन लाल जैफ, अपराध सहायक पु.नि. सोहनलाल, निरीक्षक दयानंद, सरूंड थानाधिकारी यशपाल सिंह, हवलदार मेजर प्रसादी लाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन मौजूद रहे।