अग्रवाल समाज समिति कोटपूतली की बैठक अग्रसेन भवन में अध्यक्ष एडवोकेट योगेश शरण बंसल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 4 से 11 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले अग्रसेन जयंती महोत्सव की रूपरेखा तय की गई। महोत्सव में बच्चों, महिलाओं एवं समाज की प्रतिभाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं, प्रतिभा सम्मान समारोह, सांस्कृतिक संध्या एवं भव्य शोभायात्रा आयोजित होगी।

समिति मीडिया प्रभारी हेमन्त मोरीजावाला ने बताया कि 4 से 7 अक्टूबर तक अग्रसेन भवन में महिला मंडल के तत्वावधान में रंगोली, फैंसी ड्रेस, विभिन्न खेल, नृत्य, निबंध, करवा चौथ थाली सजावट, दीपक निर्माण, बिना अग्नि के व्यंजन तथा अग्र मेला एवं प्रश्नोत्तरी सहित प्रतियोगिताएं होंगी। अग्र मेले में स्टॉल लगाने के इच्छुक समाजबंधु 2 अक्टूबर तक 250 रुपए शुल्क जमा कर स्थान बुक करा सकेंगे।

10 अक्टूबर को दोपहर 1:15 बजे वार्षिक अधिवेशन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह होगा। इसमें शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों, विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं तथा विवाह के 50 वर्ष पूर्ण करने वाले दंपतियों का सम्मान किया जाएगा। शाम 7:15 बजे अग्रसेन तिराहा, हनुमान शरण मार्ग पर ‘एक शाम भगवान अग्रसेन जी के नाम’ सांस्कृतिक संध्या होगी।
11 अक्टूबर को दोपहर 3:15 बजे अग्रसेन भवन से महाराजा अग्रसेन जी की भव्य शोभायात्रा निकलेगी। आकर्षक झांकियों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शोभायात्रा अग्रसेन मंदिर-अग्रसेन कटला पहुंचेगी, जहां महाआरती होगी। इसके बाद अग्रसेन तिराहा पर आतिशबाजी एवं आरती का आयोजन होगा। शोभायात्रा के दौरान लकी ड्रॉ कूपन वितरित किए जाएंगे तथा बाद में अग्रसेन भवन में लकी ड्रॉ निकाला जाएगा।
बैठक में उपाध्यक्ष कुलदीप बंसल, मंत्री प्रमोद गोयल, हरि नारायण मोरीजावाला, दीपक ततारपुरिया, नरेश अग्रवाल, दिनेश सिंघल, सांवरमल गोयल, योगेश गुप्ता, मनोज अग्रवाल, सूर्यकांत मोदी, संगम गुप्ता एवं अमित अग्रवाल सहित समाजबंधु उपस्थित रहे। समिति ने समाजबंधुओं से सहपरिवार कार्यक्रमों में शामिल होने तथा 11 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे बाद प्रतिष्ठान बंद कर शोभायात्रा में शामिल होने का आह्वान किया।