डाबला रोड स्थित पाना देवी मोरीजावाला राजकीय कन्या महाविद्यालय में रानी लक्ष्मीबाई केंद्र के तत्वावधान में चल रहे चार सप्ताह के आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को समापन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि साइबर सेल डीएसपी निर्मला पाण्डैया ने छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में संयम और आत्मविश्वास के साथ स्वयं की सुरक्षा करने के लिए प्रेरित किया।

डीएसपी निर्मला पाण्डैया ने छात्राओं को पुलिस विभाग की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं एवं मोबाइल एप्स की जानकारी देते हुए उनका लाइव प्रदर्शन भी किया। उन्होंने साइबर अपराधों से सतर्क रहने के साथ व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर जागरूक रहने की बात कही। आवश्यकता के समय पुलिस की उपलब्ध सेवाओं का लाभ लेने के लिए भी छात्राओं को प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. आर.पी. गुर्जर ने की। रानी लक्ष्मीबाई केंद्र की संयोजिका प्रो. संगीता जाट ने अतिथियों का स्वागत किया तथा शिविर की चार सप्ताह की गतिविधियों एवं उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. जगराम गुर्जर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. प्रिया खंगरावत ने किया।

प्रशिक्षण शिविर के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक कौशल के साथ सजगता और आत्मविश्वास विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्हें विषम परिस्थितियों में स्वयं को सुरक्षित रखने, तत्काल निर्णय लेने तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया देने का प्रशिक्षण दिया गया।

समापन अवसर पर डॉ. यामिनी यादव, डॉ. चंद्रप्रभा, डॉ. प्रतिभा पोषवाल, डॉ. ओमप्रकाश कपूरिया, डॉ. मनोज सैनी, वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रो. विषम्भर दयाल सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।