कस्बे में आदर्श रामलीला मण्डल पावटा के तत्वाधान में आयोजित की जा रही रामलीला के अंतर्गत बुधवार, 07 अक्टूबर को प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न की भव्य बारात पूरे हर्षोल्लास और धार्मिक माहौल के बीच निकाली गई। इस दौरान पूरा कस्बा भगवान श्री राम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। बारात के प्रस्थान से पूर्व पंडित अश्वनी कुमार शर्मा एवं पं. मनोज कुमार शास्त्री ने वैदिक रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ मुख्य पूजा-अर्चना संपन्न करवाई।

इस पावन अवसर पर प्राचीन गोपाल भैया मंदिर के महंत मोहनदास रामायणी एवं बाबा भूतनाथ मंदिर के महंत जयराम दास त्यागी का पावन सान्निध्य व आशीर्वाद प्राप्त हुआ। आदर्श रामलीला मंडल पावटा के मंडल अध्यक्ष योगेश शर्मा की देखरेख में चारों भाइयों की भव्य बारात कस्बे के पुराने कचहरी परिसर रामलीला मैदान, शिशु वाटिका के सामने से गाजे-बाजे और आकर्षक झांकियों के साथ रवाना हुई। इसके बाद बारात कस्बे के प्राचीन घंटाघर होकर होली चौक पहुंची। वहां से कस्बे मुख्य मार्गों और बाजारों से होकर सुभाष चौक होते हुए बारात अनाज मंडी पहुंची।

अंत में बारात पुनः शिशु वाटिका के सामने स्थित मुख्य रामलीला मंच पर पहुंचकर संपन्न हुई, जहां विवाह की आगे की रस्में अदा की गईं। बारात के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय दुकानदारों, सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं द्वारा प्रभु श्रीराम और उनके भाइयों के स्वरूपों पर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत व अभिनंदन किया गया। बारात में शामिल सुंदर झांकियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं, जिन्हें देखने के लिए सड़कों के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
इस धार्मिक आयोजन में प्रसिद्ध गायक कलाकार राधेश्याम गंधर्व, गुलजारी सोनी, ओमप्रकाश बंसल, महेश पारीक, बंटी शर्मा, रमाकांत गौड़, सुरेश शर्मा, दीपक पटेल, मनोज जांगिड़, मोहन गौड़, उमेश टांक, मनीष कुमावत, सांवर बोहरा, वीरेंद्र बंसल, राजेंद्र प्रसाद गौड़, शंकर शर्मा, अरविंद जांगिड़, विक्की सैन, पंकज सैन सहित रामलीला मंडल के तमाम पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और सैकड़ों की संख्या में मातृशक्ति व श्रद्धालु मौजूद रहे।