जरूरतमंद मरीजों की सहायता और रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष तारा पूतली के नेतृत्व में संचालित नियमित रक्तदान अभियान के तहत शनिवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। नवीन अहरोदिया के जन्मदिन के अवसर पर राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल एवं आशीर्वाद ब्लड बैंक में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शिविर के दौरान कुल 31 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस अवसर पर रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाते हुए कांग्रेस नेता तारा पूतली ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि युवाओं में रक्तदान के प्रति बढ़ती जागरूकता और सेवा का जज्बा समाज के लिए सकारात्मक संदेश है।

तारा पूतली ने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को केवल उत्सव तक सीमित रखने के बजाय रक्तदान जैसे पुनीत कार्य से जोड़ना चाहिए। इससे जरूरतमंद लोगों की मदद करने के साथ समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग मिल सके।

शिविर में रक्तदान करने वाले युवाओं के योगदान की सराहना की गई। इस दौरान भूपसिंह पूतली, संदीप आर्य, अशोक आर्य, गोविन्द सैनी, मनीष यादव, प्रवीण यादव, सुरेन्द्र कुमार, रिंकू यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। रक्तदान शिविर के माध्यम से युवाओं ने सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जरूरतमंदों की सहायता का संदेश दिया।
