अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रागपुरा थाना पुलिस एवं जिला स्पेशल टीम कोटपूतली-बहरोड़ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया है। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह (आईपीएस) के निर्देश पर अवैध हथियार रखने और उनकी खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रागपुरा थानाधिकारी भजनाराम के नेतृत्व में थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आसूचना संकलन एवं लगातार प्रयासों के बाद 12 अक्टूबर 2026 को फरार इनामी आरोपी सुभाष उर्फ सुब्बा (22) पुत्र बाबूलाल, निवासी बडनगर, थाना प्रागपुरा, जिला कोटपूतली-बहरोड़ को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी कट्टा मिला। इस संबंध में पुलिस थाना प्रागपुरा में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत प्रकरण संख्या 456/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में अनुसंधान कर रही है।
कार्रवाई में प्रागपुरा थानाधिकारी भजनाराम, सहायक उपनिरीक्षक धूडाराम, कांस्टेबल अशोक कुमार तथा जिला स्पेशल टीम के कांस्टेबल धर्मेन्द्र, संजय धनकड़ और रितेश कुमार शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में जिला स्पेशल टीम के कांस्टेबल संजय धनकड़ का विशेष योगदान रहा।