देश को नशा मुक्त बनाने और युवा पीढ़ी को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निकाली जा रही राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ बुधवार को कोटपूतली-बहरोड़ जिले पहुंची। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस राष्ट्रीय अभियान के तहत बहरोड़ स्थित होटल हाईवे प्रिंस पहुंचने पर रैली दल का भव्य स्वागत किया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने रैली में शामिल जवानों का स्वागत किया। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक अमित पाठक और उप महानिरीक्षक अनिल कुमार जोशी भी मौजूद रहे। पुलिस बैंड की सुमधुर एवं जोशपूर्ण धुनों के बीच रैली दल का अभिनंदन किया गया। आयोजन के दौरान देशभक्ति का माहौल नजर आया।

राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे इस अभियान में देश की आंतरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न बलों के जवान भाग ले रहे हैं। रैली में NSG, CRPF, RPF, CISF, ITBP, NDRF, SDRF और SSB के साथ दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश पुलिस के कुल 250 राइडर्स शामिल हैं। यह दल विभिन्न स्थानों पर रुककर युवाओं को नशे की लत से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक कर रहा है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने कहा कि नशा मुक्त भारत का निर्माण किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन, विशेषकर युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यक्रम के बाद एसपी सतवीर सिंह ने होटल हाईवे प्रिंस, बहरोड़ से रैली को हरी झंडी दिखाकर जयपुर के लिए रवाना किया। राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश प्रसारित करना है।