कोटपूतली-बहरोड़ जिला परिषद के वार्ड संख्या 12 में चुनावी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। पावटा अभिभाषक संघ के अध्यक्ष एडवोकेट रामनिवास यादव के निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरने से चुनावी मुकाबले में नई हलचल पैदा हो गई है। यादव ने विकास के मुद्दों को केंद्र में रखते हुए जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को वार्ड के गांवों और ढाणियों में उनके संपर्क अभियान के दौरान समर्थकों, युवाओं और कार्यकर्ताओं की सक्रियता देखने को मिली।

रामनिवास यादव अपने समर्थकों के साथ घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद कर रहे हैं। इस दौरान वे लोगों की समस्याएं सुनने और क्षेत्र की जरूरतों को समझने पर जोर दे रहे हैं। जनसंपर्क के दौरान बुजुर्गों का आशीर्वाद और युवाओं की भागीदारी उनके अभियान का प्रमुख हिस्सा बनी हुई है। वार्ड में बढ़ती चुनावी गतिविधियों के बीच उनका निर्दलीय चुनाव लड़ना मुकाबले को दिलचस्प बना रहा है।

वार्ड संख्या 12 में भूरी भड़ाज, पंडितपुरा, रामपुरा, टोरड़ा गुजरान, दुदावास, बुचारा और टसकोला ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इन गांवों में सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे बुनियादी मुद्दे चुनावी चर्चा का हिस्सा बन रहे हैं।

एडवोकेट रामनिवास यादव ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता को केवल वादे नहीं, बल्कि धरातल पर विकास कार्य चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति करना नहीं, बल्कि गांवों और ढाणियों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए काम करना है। सड़क, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
अब वार्ड संख्या 12 में चुनावी माहौल के बीच सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि निर्दलीय प्रत्याशी रामनिवास यादव का जनसंपर्क अभियान मतदाताओं के बीच कितना प्रभाव छोड़ता है और चुनावी मुकाबले को किस दिशा में ले जाता है।