त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 172 किलो खाद्य सामग्री नष्ट

कोटपूतली-बहरोड़। त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पावटा, बहरोड़, आंतैला और बानसूर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए। इस दौरान अवधिपार, दूषित एवं बदबूदार कुल 172 किलोग्राम खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई।

त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 172 किलो खाद्य सामग्री नष्ट

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रक आयुक्त अविचल चतुर्वेदी, जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता, अतिरिक्त जिला कलेक्टर सोहन सिंह नरूका तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष सिंह शेखावत के निर्देशानुसार यह अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत बुधवार को पावटा स्थित गोविन्द किराणा एवं श्री सांई मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 10 किलोग्राम घी, 29 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल, 17 किलोग्राम चाशनी और 18 किलोग्राम मैदा सहित कुल लगभग 74 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट करवाई गई।

गुरुवार को बहरोड़ स्थित छवि मेगा मार्ट से धनिया पाउडर एवं लाल मिर्च पाउडर तथा बाबा बाजार से हल्दी पाउडर एवं लाल मिर्च पाउडर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।

वहीं, शुक्रवार को आंतैला के पीपली बस स्टैंड के पास स्थित शाही जोधपुर मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया गया। यहां दूषित एवं बदबूदार 50 किलोग्राम मिल्क केक, 10 किलोग्राम बालूशाही, 30 किलोग्राम रसगुल्ला और 8 किलोग्राम चटनी सहित कुल 98 किलोग्राम खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई। इसके अलावा बानसूर स्थित श्री महालक्ष्मी एंड संस से सोनपापड़ी एवं बेसन के नमूने लिए गए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष सिंह शेखावत ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, जयपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता संबंधी कमियां मिलने पर संबंधित कारोबारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश भी दिए गए।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी शशिकांत शर्मा, नेहा शर्मा, बहादुर सिंह चौधरी, राज सिंह चौहान एवं विजेन्द्र कुमार मौजूद रहे।

Author

  • Vikas Verma

    विकास वर्मा News Chakra के संस्थापक, संपादक (Editor) और प्रकाशक (Publisher) हैं। वे पिछले 24 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हुए हैं और स्थानीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

    पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव ने उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील संपादक के रूप में स्थापित किया है। News Chakra के माध्यम से उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी खबरों को आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि समाज में जागरूकता और पारदर्शिता बनी रहे।

    विकास वर्मा विशेष रूप से कोटपूतली, पावटा, प्रागपुरा और आसपास के क्षेत्रों की जमीनी खबरों पर फोकस करते हैं। उनकी संपादकीय नीति स्पष्ट रूप से सत्यता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित है।

    उनके नेतृत्व में News Chakra एक विश्वसनीय स्थानीय समाचार मंच के रूप में विकसित हो रहा है, जो आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है।

Leave a Comment