भगवान श्रीकृष्ण की आराधना और गोवर्धन पूजा की परंपरा के तहत पावटा-प्रागपुरा कस्बे सहित आसपास के गांवों में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के मंदिरों में सुबह से ही धार्मिक गतिविधियां शुरू हो गईं। भगवान के दर्शन करने और अन्नकूट की प्रसादी ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसरों में विशेष सजावट के साथ ठाकुरजी की आकर्षक झांकियां सजाई गईं।

अन्नकूट महोत्सव के दौरान कढ़ी, बाजरा, मूंग, चावल और मौसमी सब्जियों सहित विभिन्न व्यंजनों का भोग भगवान को समर्पित किया गया। पूजा-अर्चना और आरती के बाद श्रद्धालुओं को पंगत में बैठाकर प्रसादी वितरित की गई। जगह-जगह आयोजित भंडारों में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

प्रागपुरा के प्राचीन रामदेवजी मंदिर में महंत रामेश्वर दास एवं किरण दास महाराज ने बाबा रामदेवजी को भोग लगाकर प्रसादी वितरण की शुरुआत की। नरसिंहद्वारा में महंत मणीदास महाराज के सान्निध्य में श्रीराम दरबार की पूजा-अर्चना कर भक्तों को पंगत प्रसादी करवाई गई। वहीं गोपीनाथ मंदिर, कृपालदासजी की बगीची, नागाजी मंदिर, किराड़ोद बालाजी, गोगाजी मंदिर, बांके बिहारी मंदिर, क्यारे वाले हनुमान मंदिर, सीताराम मंदिर, गोपालदास मंदिर और सत्यनारायण मंदिर में भी अन्नकूट के आयोजन हुए।

पावटा कस्बे में गोपाल भैया मंदिर, राणी सती मंदिर, मुरलीधर मंदिर, राठी वाला मंदिर, भूतनाथ मंदिर, खोश्या मंदिर, किले वाला हनुमान मंदिर, आड़ा गैला हनुमान मंदिर एवं मोदी मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भगवान को अन्नकूट का भोग अर्पित किया गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी गोवर्धन पूजा का विशेष उत्साह दिखाई दिया। आसपुरा के प्राचीन हनुमान मंदिर में महंत गोकुलदासजी, राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बाबड़ी बालनाथ आश्रम में महंत बस्तीनाथजी तथा टोरड़ा-रामपुरा में श्री प्रेमनाथजी महाराज के सान्निध्य में धार्मिक आयोजन संपन्न हुए। इसके अलावा टसकौला के गंगा बावड़ी मंदिर और भरतदास आश्रम में महंत मंगलदास महाराज के निर्देशन में अन्नकूट भोग लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
मंदिरों में आयोजित कार्यक्रमों के साथ ही घरों में भी गोवर्धन पूजा की परंपरा निभाई गई। गोधूलि बेला में महिलाओं एवं परिवारजनों ने गाय के गोबर से गोवर्धन भगवान की प्रतिमा तैयार कर पूजा-अर्चना की। परंपरागत रीति-रिवाज के अनुसार बछड़े से प्रतिमा का स्पर्श करवाकर परिवार की खुशहाली, धन-धान्य और समृद्धि की मंगलकामना की।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर पूरा पावटा उपखंड भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। मंदिरों में गूंजते भजन, शंखनाद और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने धार्मिक परंपराओं में भागीदारी निभाई। अन्नकूट की पंगतों ने सामाजिक मेलजोल और सामूहिक सहभागिता की परंपरा को भी जीवंत बनाए रखा।