ग्राम पंचायत बसई में नवनिर्वाचित सरपंच मनोज चौधरी का पदभार ग्रहण समारोह धार्मिक परंपराओं और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़ की धर्मपत्नी श्रीमती मंजू धनकड़ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह की शुरुआत पंचायत कार्यालय परिसर में विधि-विधान के साथ हवन एवं पूजा-अर्चना कर की गई।

हवन के दौरान अतिथियों एवं ग्रामीणों ने आहुतियां अर्पित कर गांव में सुख-समृद्धि, खुशहाली, आपसी भाईचारे और शांति की कामना की। इसके बाद पंचायत कार्मिकों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में नवनिर्वाचित सरपंच मनोज चौधरी ने विधिवत शपथ लेकर ग्राम पंचायत का पदभार ग्रहण किया।

समारोह में क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों, पूर्व जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शिक्षाविदों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। इस दौरान चिमनपुरा सरपंच पुष्कर रावत, तुलसीपुरा सरपंच अनिल चौधरी, टोरडा सरपंच धर्मेंद्र डबास, दादूका सरपंच सुनील लूनीवाल, भालोजी सरपंच देवेंद्र यादव, मोरदा सरपंच सचिन मोरोडिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

नवनियुक्त सरपंच मनोज चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि ग्राम पंचायत की जनता ने जिस विश्वास और स्नेह के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। सरपंच का पद उनके लिए केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि गांव के प्रत्येक परिवार और व्यक्ति की सेवा करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के सभी को साथ लेकर विकास कार्य करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, सड़क, स्वच्छता और युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध कराने के साथ मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही पंचायत के प्रत्येक कार्य में पारदर्शिता, जवाबदेही और ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प जताया। उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे गांव के विश्वास और सामूहिक संकल्प की जीत है।
कार्यक्रम में महाराजा सूरजमल छात्रावास अध्यक्ष बाबूलाल चौधरी, पूर्व सरपंच प्रहलाद मीणा, मेहरसिंह आर्य, पूर्व डेलीगेट दाताराम चौधरी, पूर्व सरपंच नाहरसिंह रावत, युवा रिवोल्यूशन प्रदेश अध्यक्ष अमन खोजा, बानसूर ब्लॉक अध्यक्ष रामेश्वर दहिया, एडवोकेट रोहिताश, शिक्षाविद् रामकरण सैनी, पंचायत सचिव अशोक आर्य, उपसरपंच पुष्पा देवी सहित समस्त वार्ड पंच एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में सरपंच मनोज चौधरी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत कार्मिकों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।