श्याम मंदिर चतरपुरा के संत सत्यनारायण भारती को सामाजिक एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इंटरनेशनल अवार्ड काउंसिल की ओर से 27 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में उन्हें पद्मश्री गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा।

भक्ति दाताराम गुर्जर ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में संत सत्यनारायण भारती द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों को देखते हुए उन्हें इस सम्मान के लिए चयनित किया गया है। संत भारती पिछले करीब 20 वर्षों से निरंतर मानव कल्याण के कार्यों में समर्पित भाव से जुटे हुए हैं।

उन्होंने बताया कि संत का पर्यावरण संरक्षण और जनहित के कार्यों से विशेष जुड़ाव रहा है। क्षेत्र के आसपास स्थित विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों की आवश्यकता के अनुसार शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध करवाने के साथ ही मंदिरों के जीर्णोद्धार जैसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्य भी उनके मार्गदर्शन में लगातार करवाए जाते रहे हैं।
संत सत्यनारायण भारती को राष्ट्रीय सम्मान मिलने की सूचना से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। इस उपलब्धि पर राधेश्याम सिंह, रामस्वरूप सिंह, दाताराम गुर्जर, हरिप्रसाद अधाणा, सीताराम सराधना, पांचूलाल गुर्जर, साहिल गुर्जर, जगदीश यादव, बिरदी चंद, जयराम कसाना, मोहन शर्मा, पंडित रामप्रकाश शर्मा, ज्ञानी गुर्जर एवं मनोज चौहान सहित अनेक भक्तों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।