होटल हाईवे प्रिंस में हुई मारपीट और तोड़फोड़ की घटना में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। सरूण्ड थाना पुलिस ने 20 वर्षीय आशुप्रताप सिंह राठौड़ उर्फ आशु उर्फ राहुल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि घटना में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मामले की शुरुआत 12 नवंबर की रात हुई, जब बोलेरो वाहन में सवार कुछ लोग होटल हाईवे प्रिंस पहुंचे। होटल में कमरा लेने के दौरान कर्मचारी द्वारा आईडी प्रूफ मांगे जाने पर विवाद हो गया। परिवादी की रिपोर्ट के अनुसार, संबंधित लोगों ने होटल कर्मचारियों के साथ गाली-गलौच की और होटल बंद करवाने की धमकी दी। होटल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

आरोप है कि इसके बाद 13 नवंबर की सुबह करीब चार बजे 15 से 20 युवक तीन-चार गाड़ियों में होटल पहुंचे और कर्मचारियों के साथ अभद्रता व मारपीट करते हुए होटल में तोड़फोड़ की। रिपोर्ट में काउंटर पर मौजूद कर्मचारी को जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने तथा काउंटर में रखे 2.50 लाख रुपये ले जाने का आरोप भी लगाया गया है। घटना को लेकर सरूण्ड थाने में मुकदमा संख्या 275/2026 दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त राजकार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में मुकदमा संख्या 276/2026 भी दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह आईपीएस के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान आरपीएस के सुपरविजन में तथा सीओ कोटपूतली मदनलाल जैफ आरपीएस के नेतृत्व में आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें बनाई गईं। थानाधिकारी यशपाल सिंह ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और होटल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से संदिग्धों की पहचान कर पुलिस ने लगातार कार्रवाई की।

इससे पहले पुलिस अमित यादव, रामसिंह यादव, दीपक धानका, संदीप यादव, कपिल यादव और विनोद को गिरफ्तार कर चुकी है। अब आशुप्रताप सिंह राठौड़ को भी 17 नवंबर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।

पुलिस की गठित टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में सीओ मदन लाल जैफ, सरूण्ड थानाधिकारी यशपाल सिंह, पनियाला थानाधिकारी रविन्द्र सिंह, अंकित सामरिया मय डीएसटी टीम, जयराम मय जाब्ता तथा साइबर सेल प्रभारी संदीप हैडकांस्टेबल 112 मय टीम शामिल रहे।