प्रागपुरा बाजार में सड़क तो बन गई, लेकिन नालियों की जगह ही नहीं छोड़ी

प्रागपुरा मुख्य बाजार के विकास के नाम पर हुई तोड़फोड़ के बाद भी व्यापारियों को राहत नहीं मिल पाई है। सड़क निर्माण से पहले दुकानदारों और मकान मालिकों ने अपने प्रतिष्ठानों के हिस्से पीछे हटाकर जगह उपलब्ध कराई, लेकिन निर्माण के दौरान जल निकासी के लिए जरूरी नालियों की व्यवस्था ही नहीं की गई। अब हालात ऐसे हैं कि यदि सड़क के साथ नालियां बनानी हैं तो दुकानों के सामने दोबारा तोड़फोड़ करनी पड़ सकती है। इस मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव एडवोकेट देवांश सिंह ने प्रशासन और सार्वजनिक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।

प्रागपुरा बाजार में सड़क तो बन गई, लेकिन नालियों की जगह ही नहीं छोड़ी
प्रागपुरा बाजार में सड़क तो बन गई, लेकिन नालियों की जगह ही नहीं छोड़ी

एडवोकेट सिंह के अनुसार मुख्य बाजार में सड़क निर्माण से पहले प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। इस दौरान कई दुकानदारों और मकान मालिकों ने अपने स्तर पर प्रतिष्ठानों एवं आवासीय भवनों के हिस्से पीछे हटाकर निर्माण के लिए जगह दी। तोड़फोड़ के चलते बाजार की स्थिति ऐसी हो गई थी कि पूरा क्षेत्र उजड़ा हुआ और वीरान नजर आने लगा। लंबे समय तक सड़क निर्माण नहीं होने से व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित हुआ। लोगों ने आर्थिक नुकसान सहकर विकास कार्य में सहयोग किया, लेकिन निर्माण पूरा होने के बाद भी बाजार को जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधा नहीं मिल सकी।

प्रागपुरा बाजार में सड़क तो बन गई, लेकिन नालियों की जगह ही नहीं छोड़ी
प्रागपुरा बाजार में सड़क तो बन गई, लेकिन नालियों की जगह ही नहीं छोड़ी

देवांश सिंह ने बताया कि मौके पर सड़क का निर्माण एक तरफ दुकानों की दीवारों से सटाकर कर दिया गया, जबकि दूसरी तरफ पहले से बनी नालियों तक सड़क बनाई गई। ऐसे में दुकानों की तरफ नाली बनाने के लिए आवश्यक जगह ही नहीं बची। उनका कहना है कि सड़क निर्माण से पहले दोनों तरफ नालियों के लिए जगह सुनिश्चित की जानी चाहिए थी। प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने में कथित भेदभाव के कारण कहीं अधिक तोड़फोड़ हुई तो कहीं कम, जिसका असर सड़क की बनावट पर भी दिखाई दे रहा है। परिणामस्वरूप सड़क कई जगह सीधी होने के बजाय टेढ़ी-मेढ़ी और घुमावदार बन गई।

प्रागपुरा बाजार में सड़क तो बन गई, लेकिन नालियों की जगह ही नहीं छोड़ी
प्रागपुरा बाजार में सड़क तो बन गई, लेकिन नालियों की जगह ही नहीं छोड़ी

एडवोकेट देवांश सिंह ने कहा कि अब यदि दुकानों की तरफ नालियां बनाने का निर्णय लिया जाता है तो प्रतिष्ठानों के सामने करीब दो से तीन फीट तक फिर से तोड़ना पड़ सकता है। इससे व्यापारियों को दोबारा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। सवाल यह है कि जब पहली बार अतिक्रमण हटाने के दौरान प्रतिष्ठानों को तोड़ा गया था तो उसी समय नालियों के निर्माण की जगह क्यों नहीं छोड़ी गई? क्या विभाग ने निर्माण शुरू करने से पहले भविष्य की जरूरतों और जल निकासी की व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया?

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में यदि स्वीकृत कार्यों को पूरा किए बिना ही भुगतान कर दिया गया है तो यह गंभीर वित्तीय अनियमितता का विषय है। निर्धारित कार्यों को अधूरा छोड़कर सरकारी राशि का पूरा भुगतान होना ‘काम कम, पैसे पूरे’ जैसी स्थिति को जन्म देता है। इसलिए केवल सड़क की गुणवत्ता ही नहीं, बल्कि स्वीकृत कार्यों, नालियों के निर्माण और भुगतान की भी जांच होनी चाहिए।

एडवोकेट सिंह ने जिला प्रशासन एवं पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से मांग की कि पूरे निर्माण की तकनीकी जांच करवाई जाए। स्वीकृत नक्शे और प्राक्कलन का मौके की वास्तविक स्थिति से मिलान हो, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की निष्पक्षता की जांच हो तथा भुगतान का पूरा रिकॉर्ड सार्वजनिक जांच के दायरे में लाया जाए। साथ ही दुकानों की तरफ नालियों का निर्माण करवाकर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि व्यापारियों को बार-बार तोड़फोड़ और आमजन को गंदे पानी की समस्या से राहत मिल सके।

Author

Leave a Comment