खुशियां बांटने के लिए बड़े संसाधनों की नहीं, बल्कि संवेदनशील सोच और सहयोग की भावना की जरूरत होती है। इसी सोच को चरितार्थ करते हुए एक्टिव टीम सुरजपुरा ने एक जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह में आर्थिक सहायता देकर समाज के सामने सेवा और समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत किया है।

गांव सुरजपुरा निवासी श्रीमती कमली देवी एवं स्वर्गीय कानाराम रातावाल की पुत्री इन्द्रा का विवाह अचरोल निवासी ओमप्रकाश बारोलिया के पुत्र राहुल के साथ हो रहा है। बेटी के सिर से पिता का साया उठ जाने के कारण परिवार की परिस्थिति को देखते हुए एक्टिव टीम ने विवाह में आर्थिक सहयोग करने का निर्णय लिया। टीम की ओर से कुल 16,101 रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई।

इस सहयोग अभियान में टीम के सामूहिक योगदान के साथ कई लोगों ने भी अपनी भागीदारी निभाई। सुंदर सिंह शेखावत ने 3,100 रुपए, असफाक हुसैन ने 200 रुपए, बुद्धराम रैगर उर्फ धर्मेश रावत ने 500 रुपए, राजेन्द्र सिंह (फौजी साहब) ने 500 रुपए, राकेश सिंह ने 1,100 रुपए, राजेन्द्र यादव ने 101 रुपए और संदीप सिंह (मेजर) ने 400 रुपए का सहयोग दिया। वहीं संदीप सिंह (मेजर) ने 5,100 रुपए की अतिरिक्त सहायता भी व्यक्तिगत रूप से बेटी को भेंट की।
सहायता राशि प्रदान करने के दौरान एक्टिव टीम के सदस्य बुद्धराम रैगर (धर्मेश रावत) की सहभागिता भी उल्लेखनीय रही। उन्होंने अन्य सहयोगकर्ताओं के साथ मिलकर इस मानवीय पहल में योगदान दिया। टीम के राजेन्द्र सिंह (फौजी साहब), धर्मेश रावत, संदीप सिंह (मेजर), असफाक हुसैन और कैलाश चंद जिंदोलिया ने उपस्थित रहकर परिवार को संबल प्रदान किया।