मैड़-कुंडला पंचायत समिति में कांग्रेस की मीनाक्षी देवी बनीं पहली प्रधान

नई पंचायत समिति, नया राजनीतिक अध्याय और विकास की बड़ी उम्मीदें। मैड़-कुंडला पंचायत समिति के पहले प्रधान चुनाव में कांग्रेस की मीनाक्षी देवी ने जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। शुक्रवार को हुए मतदान में उन्हें 11 सदस्यों का समर्थन मिला, जबकि भाजपा प्रत्याशी मनफूली देवी को 4 मत प्राप्त हुए। सात मतों के अंतर से जीत हासिल कर मीनाक्षी देवी नवगठित पंचायत समिति की पहली प्रधान बन गईं।

मैड़-कुंडला पंचायत समिति में कांग्रेस की मीनाक्षी देवी बनीं पहली प्रधान
मैड़-कुंडला पंचायत समिति में कांग्रेस की मीनाक्षी देवी बनीं पहली प्रधान

15 सदस्यीय पंचायत समिति में हुए मतदान के नतीजों ने कांग्रेस की एकजुटता और बहुमत को स्पष्ट कर दिया। प्रधान पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित था। कांग्रेस ने मीनाक्षी देवी पर भरोसा जताया, वहीं भाजपा की ओर से मनफूली देवी ने चुनाव लड़ा। मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी को 11 मत मिलने के साथ ही पंचायत समिति में कांग्रेस का बोर्ड बनना तय हो गया।

मैड़-कुंडला पंचायत समिति में कांग्रेस की मीनाक्षी देवी बनीं पहली प्रधान
मैड़-कुंडला पंचायत समिति में कांग्रेस की मीनाक्षी देवी बनीं पहली प्रधान

मीनाक्षी देवी का राजनीतिक सफर ग्राम पंचायत से शुरू होकर अब पंचायत समिति तक पहुंचा है। वे विराटनगर कांग्रेस की एससी ब्लॉक अध्यक्ष हैं और भैरूपुरा, ग्राम पंचायत नवरंगपुरा की निवासी हैं। इससे पहले वे नवरंगपुरा ग्राम पंचायत की सरपंच के रूप में जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। अब उन्हें 18 ग्राम पंचायतों वाले नवगठित मैड़-कुंडला पंचायत समिति क्षेत्र का नेतृत्व करने का अवसर मिला है। उनके पति केंद्रीय विद्यालय में शिक्षक हैं।

मैड़-कुंडला पंचायत समिति में कांग्रेस की मीनाक्षी देवी बनीं पहली प्रधान
मैड़-कुंडला पंचायत समिति में कांग्रेस की मीनाक्षी देवी बनीं पहली प्रधान

जीत के बाद मीनाक्षी देवी ने क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति क्षेत्र की सभी 36 कौम को साथ लेकर बिना भेदभाव के काम किया जाएगा। प्रत्येक गांव और ढाणी तक पानी, सड़क और चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास रहेगा। ग्राम पंचायतों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि आमजन को वास्तविक राहत मिल सके।

नवगठित पंचायत समिति के सामने अब अपनी प्रशासनिक पहचान मजबूत करने के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने की चुनौती है। 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को उम्मीद है कि पंचायत समिति स्तर पर बनने वाली योजनाओं का लाभ सीधे गांवों और ढाणियों तक पहुंचेगा। पेयजल की उपलब्धता, बेहतर संपर्क मार्ग और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं क्षेत्र की प्रमुख जरूरतें हैं। ऐसे में पहली प्रधान के कार्यकाल से ग्रामीणों को विकास की नई गति मिलने की अपेक्षा है।

Author

Leave a Comment