कोटपूतली-बहरोड़ जिले में समझौते के बाद सुरक्षा गार्डों को राहत, कंपनी में फिर लागू हुई 8 घंटे की ड्यूटी, अनिश्चितकालीन धरना हुआ स्थगित

कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। जिले के ग्राम मोहनपुरा स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी में सुरक्षा गार्डों की ड्यूटी अवधि को लेकर चल रहा विवाद सोमवार को आपसी सहमति के बाद समाप्त हो गया। कंपनी प्रबंधन और सुरक्षा गार्डों के बीच हुए समझौते के बाद पुनः 8 घंटे की ड्यूटी व्यवस्था लागू कर दी गई, जिसके बाद कंपनी के गेट नंबर-02 पर जारी अनिश्चितकालीन धरना स्थगित कर दिया गया।

कोटपूतली-बहरोड़ जिले में समझौते के बाद सुरक्षा गार्डों को राहत, कंपनी में फिर लागू हुई 8 घंटे की ड्यूटी, अनिश्चितकालीन धरना हुआ स्थगित

सुरक्षा गार्डों ने बताया कि कंपनी प्रबंधन द्वारा पूर्व में बिना सहमति और सूचना के कार्य अवधि को 8 घंटे से बढ़ाकर 12 घंटे कर दिया गया था। गार्डों का कहना था कि लंबे समय तक लगातार ड्यूटी करने से उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा था और उन्हें मानसिक व शारीरिक दबाव का सामना करना पड़ रहा था।

मामले को लेकर रविवार को पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाना एवं कांग्रेस एससी विभाग जिलाध्यक्ष तारा पूतली धरना स्थल पहुंचे थे। उन्होंने सुरक्षा गार्डों का समर्थन करते हुए कंपनी अधिकारियों से वार्ता की और गार्डों की मांगों पर सकारात्मक समाधान निकालने का आग्रह किया।

वार्ता के बाद कंपनी प्रबंधन द्वारा सोमवार से पुनः 8 घंटे की कार्य अवधि लागू करने का निर्णय लिया गया, जिससे सुरक्षा गार्डों में संतोष का माहौल देखा गया।

इस मौके पर तारा पूतली ने कहा कि सुरक्षा गार्डों के शांतिपूर्ण संघर्ष और एकजुटता का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उन्होंने कहा कि जब लोग अपने अधिकारों के लिए संयम और एकता के साथ प्रयास करते हैं तो समाधान अवश्य निकलता है। यह संघर्ष श्रमिकों के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा का उदाहरण बना है।