पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। कस्बे के आदर्श विद्या मंदिर एवं प्रागपुरा पुलिस थाने के पीछे स्थित नवसृजित रामेश्वरम मंदिर में गुरुवार को धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के माहौल में भगवान श्रीराम दरबार, शिव परिवार एवं हनुमानजी महाराज की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा विधिवत रूप से सम्पन्न हुई।

कार्यक्रम भामाशाह राजेश कुमार पारिक, सुरेन्द्र कुमार पारिक एवं कुलदीप पारिक के सानिध्य में पंडित झाबर मल शास्त्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न कराया गया। इससे पूर्व 19 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

गुरुवार को मूर्तियों का नगर के प्रमुख मार्गों से भव्य जुलूस के रूप में भ्रमण कराया गया। इस दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे और पूरा क्षेत्र जयकारों से गूंज उठा। मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने विधिवत परिक्रमा कर क्षेत्रवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। आयोजन के अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की।

इस धार्मिक आयोजन में मूर्तिकार भवानी शंकर शर्मा (छितोली), समाजसेवी अजय सैनी, अशोक कुमार, अवदेश कुमार, अमरनाथ पारिक, गोलू सोनी, सीताराम सैनी, अनुज सैनी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन ने पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक एकता का संदेश दिया।




