कोटपूतली-बहरोड़ जिले में नगर निकाय चुनाव के द्वितीय चरण का मतदान कल 11 सितंबर को होगा। नगर परिषद बहरोड़ तथा नगर पालिका नीमराना, मांढ़ण और बर्डोद में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चारों निकायों में कुल 671 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

द्वितीय चरण के मतदान के लिए कुल 139 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। विशेष रूप से अति संवेदनशील और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मतदान प्रक्रिया पर भी अधिकारियों की निगरानी रहेगी।
मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में प्रचार सामग्री, बैनर, पोस्टर अथवा प्रचार से जुड़ी किसी भी गतिविधि पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन की ओर से मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने और मतदान केंद्रों पर निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
कल होने वाले मतदान के साथ ही बहरोड़, नीमराना, मांढ़ण और बर्डोद में चुनावी मैदान में उतरे 671 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद हो जाएगा।
