News Chakra

‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्य सरकार द्वारा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ किया गया। यह विशेष चरण सोमवार 23 मार्च (शहीद दिवस) से 30 मार्च तक प्रदेशभर में आयोजित किया जा रहा है।

कोटपूतली-बहरोड़ समेत प्रदेशभर में वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर देशभक्ति कार्यक्रमों की शुरुआत


इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों—भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव सहित ‘वंदे मातरम्’ के इतिहास से जुड़े वीर योद्धाओं को केंद्र में रखते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

सोमवार को जिले के शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, जिला कलेक्ट्रेट, स्थानीय निकायों एवं तहसील स्तर के प्रमुख स्थानों पर ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभाएं, व्याख्यान एवं चर्चा कार्यक्रम आयोजित कर उनके योगदान को याद किया गया।

जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी एवं एडीएम ओमप्रकाश सहारण की उपस्थिति में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का गायन कर देशभक्ति का संदेश दिया।

इस दौरान जिला कलेक्टर ने कहा कि इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य ‘वंदे मातरम्’ के गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाना तथा युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Categories:
Avatar photo