प्रागपुरा थाना क्षेत्र के तुलसीपुरा गांव में चोरों ने खेत की तारबंदी तोड़कर करीब 50 हजार रुपए कीमत का रोटावेटर चोरी कर लिया। घटना के बाद खेत में दो मोटरसाइकिलों के टायरों के निशान और पैरों के निशान मिलने से चोरी को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। स्थानीय निवासी करतार सिंह शेखावत ने बताया कि रिलायंस पेट्रोल पंप से तुलसीपुरा गांव की ओर नदी जाने वाले एमडीआर मार्ग पर राजपाल सिंह शेखावत पुत्र पहलाद सिंह का खेत स्थित है। खेत में गोभी की फसल लगी हुई है।

राजपाल सिंह के अनुसार वह देर रात तक खेत में ट्रैक्टर से कृषि कार्य कर रहे थे। करीब रात दो बजे के बाद वह वहीं सो गए। इसी दौरान अज्ञात चोर खेत की तारबंदी तोड़कर अंदर घुसे और गोभी की फसल में कचरा साफ करने के काम आने वाला रोटावेटर चोरी कर ले गए। सुबह उठने पर रोटावेटर गायब मिला तो आसपास तलाश की गई। खेत में तारबंदी टूटी हुई थी तथा दो मोटरसाइकिलों के टायरों और पैरों के निशान भी दिखाई दिए।

चोरी गए रोटावेटर की कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है। घटना की सूचना प्रागपुरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर थाने से एएसआई रामजस पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने मौके पर मिले निशानों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की ओर से मामले में रिपोर्ट दर्ज करवाने की प्रक्रिया जारी है।