महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शाहजहांपुर थाना परिसर एवं पुस्तकालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एंटी रोमियो स्क्वॉड एवं महिला सुरक्षा टीम ने महिलाओं को आत्मरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, चेन स्नैचिंग की रोकथाम तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

थाना प्रभारी प्रकिता सिंह ने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या आपात स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिला सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

कार्यक्रम में कोटपूतली-बहरोड़ से आई एंटी रोमियो स्क्वॉड की एएसआई कविता तथा नीमराना थाना की संतोष और सीमा ने महिलाओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर सिखाए। साथ ही साइबर ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, चेन स्नैचिंग से बचाव और महिला हेल्पलाइन 1090 की जानकारी भी दी।
इस दौरान महिलाओं ने सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिनका टीम ने विस्तार से समाधान किया। कार्यक्रम में कृपा देवी, उषा देवी, संतरा देवी, राजबाला, कल्पना, सविता, सरिता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और सुरक्षित एवं जागरूक समाज की दिशा में जनभागीदारी को मजबूत करना रहा।