कोटपूतली-बहरोड़ जिले में ग्रीष्मकालीन हॉबी क्लासेस का शुभारंभ

कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। जिला मुख्यालय पर अग्रवाल समाज समिति एवं अग्रवाल महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ग्रीष्मकालीन हॉबी क्लासेस का शुभारंभ उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों एवं अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली, जिससे आयोजन में विशेष उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।

कोटपूतली-बहरोड़ जिले में ग्रीष्मकालीन हॉबी क्लासेस का शुभारंभ

इस अवसर पर अग्रवाल समाज समिति अध्यक्ष एडवोकेट योगेश शरण बंसल एवं कार्यवाहक महिला मंडल अध्यक्ष लाजवंती देवी ने उपस्थित बच्चों एवं महिलाओं को शिक्षा, संस्कार और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपने व्यक्तित्व विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की हॉबी क्लासेस बच्चों और महिलाओं की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास विकसित करने का कार्य करती हैं। इससे मानसिक, शारीरिक एवं सांस्कृतिक विकास को भी नई दिशा मिलती है और समाज में सकारात्मक सोच का वातावरण तैयार होता है।

ग्रीष्मकालीन हॉबी क्लासेस के तहत योगा, पेंटिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट, ब्यूटीशियन और डांस क्लास सहित विभिन्न गतिविधियों की शुरुआत की गई। प्रतिभागियों ने भी इन गतिविधियों के प्रति उत्साह दिखाते हुए नई चीजें सीखने में रुचि दिखाई।

कार्यक्रम में दीप्ति बंसल, पार्षद मीनू बंसल, शालू बंसल, आंचल बंसल, चंदा अग्रवाल, बीना गोयल, मोनिका गोयल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक प्रयास बताया। कार्यक्रम के अंत में समाज सेवा, शिक्षा, संस्कार और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने का संकल्प लेते हुए समाज में एकता और सहयोग की भावना को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।