बहरोड़ के तसींग में पानी की किल्लत, महिलाओं ने मटके फोड़कर जताया विरोध

न्यूज़ चक्र, बहरोड़, 19 मई। तसींग गांव में दो माह से जारी पेयजल संकट ने रविवार को विकराल रूप ले लिया। पानी की कमी से त्रस्त महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर मटका फोड़ प्रदर्शन किया और जलदाय विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि गांव में दो महीने से पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप है। नल सूखे हैं और टंकी भी खाली पड़ी है। गर्मी के इस मौसम में पीने के पानी तक का इंतजाम नहीं हो पा रहा, जिससे हालात बद से बदतर हो गए हैं।

बहरोड़ के तसींग में पानी की किल्लत, महिलाओं ने मटके फोड़कर जताया विरोध

सूचना पर जलदाय विभाग के एईएन नीरज यादव मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि अब रोजाना टैंकर के जरिए पानी की आपूर्ति की जाएगी। साथ ही, 25 मई तक गांव में नई बोरिंग करवा दी जाएगी ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

हालांकि प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा तक समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। सरपंच प्रतिनिधि ने कहा कि गांव के लोग अब केवल आश्वासन नहीं, ठोस कार्रवाई चाहते हैं।

गौरतलब है कि तसींग गांव में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। प्रशासन द्वारा बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।

Author

  • Vikas Verma

    विकास वर्मा News Chakra के संस्थापक, संपादक (Editor) और प्रकाशक (Publisher) हैं। वे पिछले 24 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हुए हैं और स्थानीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

    पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव ने उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील संपादक के रूप में स्थापित किया है। News Chakra के माध्यम से उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी खबरों को आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि समाज में जागरूकता और पारदर्शिता बनी रहे।

    विकास वर्मा विशेष रूप से कोटपूतली, पावटा, प्रागपुरा और आसपास के क्षेत्रों की जमीनी खबरों पर फोकस करते हैं। उनकी संपादकीय नीति स्पष्ट रूप से सत्यता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित है।

    उनके नेतृत्व में News Chakra एक विश्वसनीय स्थानीय समाचार मंच के रूप में विकसित हो रहा है, जो आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है।