निकटवर्ती ग्राम राजनोता स्थित ब्रिलियंट इंटरनेशनल सीनियर सेकंडरी स्कूल में शुक्रवार को गणेश महोत्सव का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सामाजिक कार्यकर्ता ओपी बायला के मुख्य आतिथ्य में भगवान गणेश और सरस्वती माता के समक्ष अगरबत्ती जलाकर एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान विद्यालय परिसर गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा।

मुख्य अतिथि ओपी बायला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक भगवान, गुरुजनों और माता-पिता के प्रति आस्था, विश्वास एवं सम्मान की भावना मन में नहीं होगी, तब तक व्यक्ति जीवन में सही मायने में आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संस्कार और कमाई प्रत्येक व्यक्ति के जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं। इन्हें हासिल करने के लिए ईमानदारी, लगन और कड़ी मेहनत जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में अच्छे संस्कार अपनाकर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय चेयरमैन रामसिंह सोलंकी ने कहा कि प्रत्येक शुभ कार्य के प्रारंभ में भगवान श्री गणेश का स्मरण और पूजन करना शुभ माना जाता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान गणेश से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रामस्वरूप मुक्कड, देशराज वर्मा, नरेश मीणा, प्रेमशंकर, नरेश सिंह, हवलदार रामवतार सिंह, वीरेंद्र सिंह, शीशराम सैनी, प्रकाश प्रजापत एवं महिपाल सिंह मौजूद रहे। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत और अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भगवान गणेश की महिमा एवं भारतीय संस्कृति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामवासी भी शामिल हुए और गणेश महोत्सव के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया।