महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर घोषित शुष्क दिवस के दौरान सरूण्ड थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 136 पव्वे देशी सादा मदिरा ‘घुंघरू’ बरामद किए।

थानाधिकारी राजवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान नारेहड़ा शराब ठेके के पास एक संदिग्ध व्यक्ति के तिरपाल के नीचे प्लास्टिक के कट्टे में सामान छिपाकर खड़े होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो संदिग्ध ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ एवं तलाशी के दौरान प्लास्टिक के कट्टे से 136 पव्वे देशी शराब बरामद हुई। आरोपी की पहचान सुमेर (38) पुत्र रमेश यादव निवासी खुरदिया, थाना पाटन के रूप में हुई। शुष्क दिवस पर शराब रखने एवं बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने शराब की खेप जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले में पुलिस का अनुसंधान जारी है।