दिल्ली- जयपुर हाईवे पर फिर बिगड़े हालात! चारों तरफ ‘जाम’, शहर पानी- पानी

दिल्ली- जयपुर हाईवे : 6 घंटे की बारिश ने थाम दिए हाईवे पर ट्रकों के पहिए, छोटी गाड़ियों ने शहर की गलियां भी कर दी जाम

न्यूज़ चक्र, कोटपूतली। दिल्ली- जयपुर हाईवे पर लगते कोटपूतली बहरोड़ क्षेत्र में आज सुबह से लगातार बारिश का दौर जारी है। रह-रहकर हो रही बारिश ने नेशनल हाईवे पर ट्रकों के पहिए भी थाम दिए हैं। कोटपूतली के पूतली कट से लेकर पनियाला और जयपुर की तरफ पूतली कट से लेकर प्रागपुरा तक नेशनल हाईवे एक बार फिर जाम की भेंट चढ़ गया। लेकिन बड़ी बात यह रही कि जाम से निपटने के लिए सरकारी इंतजाम नजर नहीं आए।

दिल्ली- जयपुर हाईवे पर फिर बिगड़े हालात!

कोटपूतली क्षेत्र में दिल्ली जयपुर नेशनल हाईवे पर जाम के चलते छोटे चौपाया वाहन व रोडवेज की बसों ने शहर की गलियों का रुख कर लिया, और फिर देखते ही देखते घंटे भर में कोटपूतली शहर की लगभग सभी गलियां जाम हो गई। लेकिन इन वाहन चालकों को मार्ग बताने या रोकने के लिए कोई व्यवस्था नजर नहीं आई।

घरों में घुसा बारिश का पानी, बाल्टियों से निकालते दिखे लोग, ड्रेनेज सिस्टम की खुली पोल

कोटपूतली में सुबह से लगातार हो रही बारिश के चलते निचले इलाकों में घरों और दुकानों में पानी घुस गया। शहर के आसपास के क्षेत्र में भी राजमार्ग से लगते गांव और ढाणियों में ना केवल सड़कें जलमग्न हो गई बल्कि नगर परिषद के ड्रेनेज सिस्टम की भी पोल खोल कर रख दी। लोगों ने बाल्टी व मग्गों की सहायता से घर- दुकानों में भरे पानी को बाहर फेंका।

दिल्ली- जयपुर हाईवे पर फिर बिगड़े हालात! चारों तरफ 'जाम', शहर पानी- पानी

शहर में पुरानी नगरपालिका तिराहा, दिल्ली दरवाजा, पूतली रोड, कुम्हारों का मोहल्ला, लक्ष्मी नगर, बानसूर रोड, सराय मोहल्ला, जनाना अस्पताल, कृष्णा टॉकीज रोड, मोहल्ला चौधरीयान, अंबेडकर कॉलोनी, कोर्ट और पंचायत समिति परिसर के सामने, दुर्गा माता मंदिर समेत शहर के तमाम इलाके जलमग्न नजर आए और ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह से फेल नजर आया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद को बार-बार समस्याओं से अवगत करवाने के बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यहां तक कि शहर में मास्टर प्लान के तहत की गई तोड़फोड़ के बाद ड्रेनेज सिस्टम को ठीक नहीं किया गया, जबकि शहर में ड्रेनेज सिस्टम को ठीक करने के नाम पर लाखों रुपए खर्च किए जा चुके हैं।

Author

  • Vikas Verma

    विकास वर्मा News Chakra के संस्थापक, संपादक (Editor) और प्रकाशक (Publisher) हैं। वे पिछले 24 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हुए हैं और स्थानीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

    पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव ने उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील संपादक के रूप में स्थापित किया है। News Chakra के माध्यम से उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी खबरों को आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि समाज में जागरूकता और पारदर्शिता बनी रहे।

    विकास वर्मा विशेष रूप से कोटपूतली, पावटा, प्रागपुरा और आसपास के क्षेत्रों की जमीनी खबरों पर फोकस करते हैं। उनकी संपादकीय नीति स्पष्ट रूप से सत्यता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित है।

    उनके नेतृत्व में News Chakra एक विश्वसनीय स्थानीय समाचार मंच के रूप में विकसित हो रहा है, जो आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है।