चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध, जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने जारी किए निर्देश

न्यूज़ चक्र, कोटपूतली। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कल्पना अग्रवाल ने मकर संक्रांति पर्व पर जिले में करंट की आशंका वाले तथा पक्षियों एवं मनुष्यों को चोट पहुंचाने वाले मांझे से पतंगबाजी करने पर प्रतिबंध लगाया है।

चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध, जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने जारी किए निर्देश

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कल्पना अग्रवाल की ओर से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत प्रदत शक्तियों का उपयोग करते हुए जारी आदेश के मुताबिक मकर संक्रांति के अवसर पर कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पतंग उड़ाए जाने पर दिशा निर्देश तय किए गए हैं।

जिला कलेक्टर कार्यालय के मुताबिक वर्तमान समय में पतंग के लिए इस प्रकार का मांझा प्रचलन में आया है। जिससे पतंगबाजी करने पर बिजली के तारों के संपर्क में आने से विद्युत प्रवाहित होकर करंट आने से जानमाल की हानि की आशंका रहती है। साथ ही इस प्रकार के मांझे से पतंगबाजी करने पर आकाश में स्वच्छंद विचरण करने वाले पक्षियों की गर्दन कट जाती है तथा इससे मनुष्यों को भी चोट पहुंच सकती है।

उन्होंने बताया कि जानमाल की रक्षा एवं सुरक्षा कारणों को मध्यनजर रखते हुए जिले के किसी भी क्षेत्र में पतंगबाजी के लिए इस प्रकार के अनुपयुक्त मांझे, प्लास्टिक अथवा इस प्रकार से चाइना निर्मित सिंथेटिक मेटेरियल से बने हुए एवं अन्य टॉक्सिक मेटेरियल जैसे आयरन पाउडर, ग्लास पाउडर से बने पक्के धागे को पूर्णतया प्रतिबंधित किया गया है।

जिला कलेक्टर के मुताबिक इस प्रकार के धागे एवं मांझे का पतंगबाजी के लिए कोई भी व्यक्ति उपयोग नहीं करेगा तथा न ही किसी व्यक्ति को उपयोग व विक्रय करने की अनुमति दी जाएगी। साथ ही सुबह 6 से 8 बजे तक एवं शाम 5 से 7 बजे तक पतंगबाजी पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा।

आदेश का उल्लंघन करने पर दोषी व्यक्ति के विरुद्ध विधि के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश आगामी  31 जनवरी तक प्रभावशील रहेगा।

Author

  • Vikas Verma

    विकास वर्मा News Chakra के संस्थापक, संपादक (Editor) और प्रकाशक (Publisher) हैं। वे पिछले 24 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हुए हैं और स्थानीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

    पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव ने उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील संपादक के रूप में स्थापित किया है। News Chakra के माध्यम से उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी खबरों को आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि समाज में जागरूकता और पारदर्शिता बनी रहे।

    विकास वर्मा विशेष रूप से कोटपूतली, पावटा, प्रागपुरा और आसपास के क्षेत्रों की जमीनी खबरों पर फोकस करते हैं। उनकी संपादकीय नीति स्पष्ट रूप से सत्यता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित है।

    उनके नेतृत्व में News Chakra एक विश्वसनीय स्थानीय समाचार मंच के रूप में विकसित हो रहा है, जो आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है।