कोटपूतली के घिलोठ में बनेगा प्रदेश का पहला ई-बस मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट, 1200 करोड़ का निवेश

युवाओं को मिलेगा रोजगार का बड़ा अवसर

न्यूज़ चक्र, कोटपूतली, 21 अक्टूबर। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के घिलोठ औद्योगिक क्षेत्र में जल्द ही प्रदेश का पहला इलेक्ट्रिक बस मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट स्थापित होने जा रहा है। राज्य सरकार ने नीमराणा तहसील के घिलोठ इंडस्ट्रियल एरिया में 2 लाख 65 हजार 329 वर्गमीटर (65.56 एकड़) भूमि का आवंटन पीएमआई इलेक्ट्रो मोबिलिटी सॉल्यूशन्स प्राइवेट लिमिटेड को किया है। इस परियोजना में शुरुआती चरण में लगभग 1200 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।

इस प्लांट में ई-बसों के साथ-साथ बस बॉडी, मोटर, बैटरी, वायर हार्नेस और अन्य स्पेयर पार्ट्स का भी निर्माण किया जाएगा। राज्य सरकार की त्वरित कार्यवाही के चलते भूमि आवंटन की प्रक्रिया रिकॉर्ड समय में पूरी की गई है।

कोटपूतली के घिलोठ में बनेगा प्रदेश का पहला ई-बस मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट, 1200 करोड़ का निवेश

कंपनी के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर मुलाकात कर भूमि आवंटन में तेजी लाने के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और बुनियादी सेवाओं के विस्तार के लिए सरकार लगातार निर्णायक कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट ‘मेक इन इंडिया’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक अहम मील का पत्थर साबित होगा। इस प्लांट के माध्यम से राजस्थान इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण के क्षेत्र में देश का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के युवाओं को इलेक्ट्रो मोबिलिटी सेक्टर में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों रूपों में रोजगार के व्यापक अवसर पैदा होंगे। साथ ही, ई-बसों के संचालन से राज्य में हरित ऊर्जा और पर्यावरण अनुकूल परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी तथा पीएमआई इलेक्ट्रो मोबिलिटी सॉल्यूशन्स के प्रबंध निदेशक सतीश कुमार जैन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आंचल जैन, कार्यकारी निदेशक गजेन्द्र यादव, निदेशक दीपांशु द्विवेदी और प्लांट हैड हरीश यादव उपस्थित रहे।

Author

  • Vikas Verma

    विकास वर्मा News Chakra के संस्थापक, संपादक (Editor) और प्रकाशक (Publisher) हैं। वे पिछले 24 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हुए हैं और स्थानीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

    पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव ने उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील संपादक के रूप में स्थापित किया है। News Chakra के माध्यम से उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी खबरों को आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि समाज में जागरूकता और पारदर्शिता बनी रहे।

    विकास वर्मा विशेष रूप से कोटपूतली, पावटा, प्रागपुरा और आसपास के क्षेत्रों की जमीनी खबरों पर फोकस करते हैं। उनकी संपादकीय नीति स्पष्ट रूप से सत्यता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित है।

    उनके नेतृत्व में News Chakra एक विश्वसनीय स्थानीय समाचार मंच के रूप में विकसित हो रहा है, जो आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है।