कस्बे स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के खेल मैदान में गणतंत्र दिवस के अवसर पर पावटा बार एसोसिएशन के तत्वावधान में बार एवं बेंच के बीच फ्रेंडली क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। मैच की अध्यक्षता बार एसोसिएशन अध्यक्ष एडवोकेट रामनिवास यादव ने की। खेल 15–15 ओवर का रखा गया। जहां खिलाड़ियों एवं आगंतुकों में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह रहा।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पावटा बार टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 79 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बेंच टीम ने संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट शेष रहते मैच अपने नाम किया। पूरे मैच के दौरान दर्शकों की तालियों एवं उत्साहवर्धन का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के दौरान एथिक्स, टीमवर्क एवं परस्पर सहयोग की भावना का संदेश प्रमुख रूप से प्रस्तुत हुआ।

इस मौके पर विजेता टीम के कप्तान एवं सिविल न्यायाधीश एवं न्याययिक मजिस्ट्रेट डॉ. अजय विश्नोई को प्रतिक चिंह भेंटकर अभिभाषक संघ पावटा की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। आयोजनकर्ताओं ने बताया कि ऐसे मुकाबलों से बार एवं बेंच के बीच संवाद, विश्वास और सौहार्द मजबूत होता है, जो न्याय व्यवस्था के सुचारू संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

बार एसोसिएशन अध्यक्ष एडवोकेट रामनिवास यादव ने कहा कि बार और बेंच का रिश्ता लोकतंत्र एवं न्याय व्यवस्था की आधारशिला है। ऐसे आयोजनों से रिश्तों में मधुरता और समझ बढ़ती है। विजेता टीम को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया, वहीं पराजित टीम को भी सम्मानित कर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया गया।
आयोजकों ने कहा कि जीत–हार खेल का हिस्सा है, परन्तु खेल का उद्देश्य सहभागिता, अनुशासन और टीम भावना है। समारोह में पहुंचने वाले खिलाड़ियों एवं अतिथियों का माला व साफा पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में सिविल न्यायाधीश एवं न्याय मजिस्ट्रेट डॉ. अजय विश्नोई (बेंच टीम कप्तान), ज्योति शर्मा, सुष्मा यादव, संजू यादव, ज्योति योगी, राजकुमारी शर्मा, सचिव सुरेंद्र शेखावत, एडवोकेट राजेंद्र कुमार जाट, प्रदीप सैन, दीपक गोयल, मेहर सिंह, निर्मल मौर्य, धर्मपाल यादव, संजय यादव, उपवन सैनी, पंकज यादव, ओमप्रकाश सैनी, राकेश कुम्हार, ओमपाल सिंह सहित बार एवं बेंच से जुड़े अनेक सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



