जयपुर में आबकारी विभाग से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। राजस्थान लिकर वेलफेयर सोसायटी के आह्वान पर 16 फरवरी, सोमवार से शहर की शराब दुकानें अनिश्चितकालीन रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

सोसायटी के अध्यक्ष निलेश मेवाड़ा ने इसकी घोषणा करते हुए आरोप लगाया कि दुकान संचालन के दौरान रात 8 बजे से पहले ही पुलिस द्वारा अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय तक व्यवसाय संचालित करने में बार-बार हस्तक्षेप किया जा रहा है, जिससे लाइसेंसधारकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोसायटी की प्रमुख मांगों में दुकानों के बंद करने का समय दो घंटे बढ़ाना भी शामिल है। इस संबंध में सोमवार को सभी दुकानें बंद रखकर झालाना स्थित आबकारी भवन पहुंचकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
बताया गया है कि आबकारी आयुक्त के नाम जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें लाइसेंसधारकों की समस्याओं और मांगों को विस्तार से रखा जाएगा। सोसायटी ने स्पष्ट किया है कि जब तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।


