कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नगरपरिषद क्षेत्र कोटपूतली के टापरी रोड स्थित निर्माणाधीन मेघवाल महिला छात्रावास के लिए समाज के प्रबुद्धजनों द्वारा निरंतर सहयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पुरुषोत्तमपुरा निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक सुरेश चंद लूनीवाल ने छात्रावास में कमरों के निर्माण हेतु पूर्व में 1,00,000 रुपये तथा पुनः 1,00,000 रुपये प्रदान करते हुए कुल 2,00,000 (दो लाख) रुपये की सहयोग राशि समिति को सौंपी।

इस अवसर पर सुरेश चंद लूनीवाल ने कहा कि शिक्षा ही समाज की वास्तविक शक्ति है और बालिकाओं की शिक्षा में किया गया सहयोग भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को अपनी आय का एक हिस्सा समाजोपयोगी कार्यों में अवश्य लगाना चाहिए, विशेषकर ऐसे कार्यों में जो बेटियों के उज्ज्वल भविष्य से जुड़े हों।
मेघवाल विकास समिति के अध्यक्ष मदनलाल वर्मा ने लूनीवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के दानवीरों के सहयोग से छात्रावास निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। पूर्व अध्यक्ष छोटूराम सामरियां ने इसे प्रेरणादायक पहल बताते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से अन्य लोगों को भी आगे आने की प्रेरणा मिलती है।



