जिले की थाना हरसौरा पुलिस ने ग्राम मुगलपुर में हुई फायरिंग और हत्या की वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और एक खाली खोल भी बरामद किया है।

जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश तथा जिला पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई (IPS) के निर्देशानुसार फायरिंग व हत्या जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान के सुपरविजन और वृत्ताधिकारी मेधा गोयल (RPS) के निर्देशन में थानाधिकारी जनमेजा राम के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 4 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम मुगलपुर में मृतक महेश गुर्जर और आरोपी चेतन उर्फ काली गुर्जर साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान पूर्व की कहासुनी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर आरोपी चेतन ने अवैध पिस्टल से फायरिंग कर दी, जिससे गोली महेश गुर्जर के पेट में जा लगी। घायल महेश को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के संबंध में मृतक के भाई दीपक गुर्जर पुत्र हुकमसिंह निवासी हरसौरा की रिपोर्ट पर थाना हरसौरा में प्रकरण संख्या 40/2026 धारा 103(1) बीएनएस एवं 5/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण करवाया और साक्ष्य जुटाए। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के पेट से गोली निकालकर जब्त की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे कस्बा बानसूर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चेतन उर्फ काली (22) पुत्र जगन्नाथ उर्फ पिंटू गुर्जर निवासी कालूहेड़ा थाना पनियाला जिला कोटपूतली-बहरोड़ के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद आरोपी को 10 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया गया और बाद में 13 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।



