कोटपूतली-बहरोड़ जिले क्षेत्र के ग्राम मांजूकोट निवासी रेखा यादव को उनकी सामाजिक सक्रियता और समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए अहीर यादव फाउंडेशन में महिला प्रदेशाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति जयपुर में आयोजित एक समारोह के दौरान की गई, जिसे लेकर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

रेखा यादव, जो ख्यालीराम यादव की पुत्री हैं, वर्तमान में कोटपूतली-बहरोड़ जिला महिला कांग्रेस कार्यकारिणी की जिला उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्यरत हैं और लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनकी नियुक्ति अहीर यादव फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल यादव, राष्ट्रीय संयोजक गिर्राज यादव, राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव विनोद कुमार यादव तथा समाजवादी पार्टी युवा राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष तेजराज यादव (शाहपुरा) द्वारा की गई।
संगठन ने रेखा यादव की समाज के प्रति रुचि, जागरूकता और लगनशीलता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। नियुक्ति के बाद रेखा यादव ने संगठन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे फाउंडेशन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगी तथा समाज के उत्थान और विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेंगी।
रेखा यादव इससे पहले भी कई सामाजिक पदों पर कार्य कर चुकी हैं और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाती रही हैं। उनकी इस नियुक्ति पर क्षेत्रीय समाजजनों और कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि रेखा यादव के नेतृत्व में संगठन को मजबूती मिलेगी और समाज के हित में सकारात्मक कार्यों को नई दिशा प्राप्त होगी।



